Tuesday, September 9, 2014

देश का कैसे होगा सुधार
जब नेता बस ताने है आलोचना की तलवार 
विकास को कैसे बनाए मुद्दा 
जब नज़रो में है केवल सत्ता 
दोषारोपण के इस दौर में
मन में सबके बैर है 
कस रहा वह ही कटाक्ष है
दामन में खुद जिसके दाग है
उन्नति की बदली है परिभाषा 
स्वयं को उठाने के लिए दूजे को है गिराना 

जहाँ बन रहे है सभी समीक्षक 
वहां कैसे बने कोई प्रगति का उत्प्रेरक ॥ 

Friday, September 5, 2014

सुबह सुबह सड़क के गड्ढ़ो को पानी से भरा देखा तो लगा दिल्ली के सिर्फ गरज़ने वाले बादल कल रात कुछ बरस भी गए थे। दिन के चढ़ने के साथ साथ मेघो ने सूरज को घेर आसमान पर अपना अधिपत्य कर लिया था । धरती की तपन ने अब इनको भी विचलित कर बरसने पर मजबूर कर ही दिया था । ऑफिस से निकली तो हलकी हलकी बूंदों को तेज़ बौछार में बदलते देखा । आज ये बादल  धोका देने के इरादे से नहीं आए थे । इतने दिनों से आँख मिचौली खेलते मेघो ने आज खुल कर पानी गिराने का निश्चय कर लिया था। इस मूसलाधार वर्षा के कारण सड़क पर होने वाला कीचड़,हर पग पर रुका हुआ ट्रैफिक और बारिश में तर पूरा जनजीवन,ये दिल्ली शहर के लिए एक दुर्लभ सा दृश्य बन गया था इस वर्ष ।

Wednesday, August 20, 2014

जीवन का तज़ुर्बा

वो बन कर बिखर कर फिर सवंरा है
गर्दिशों में खोकर फिर चमका है 
वो बहक कर गिर कर यूँ संभला है 
बंधनो से खुल कर उड़ कर कुछ निखरा है 
उसने दुःख में भी पाया और सुख में भी खोया है 
ज़िन्दगी के हर पहलु को कई नज़रियों से देखा है 
वो हर मोड़ पर भटक कर यहाँ पहुंचा है 
तुम कहते हो इसे बुढ़ापा 
वो कहता इसे जीवन का तज़ुर्बा  है । 



Sunday, August 10, 2014

राखी

न धर्म में बटीं
न सरहद से रुकी
राखी हर पार चली ।
रंग बिरंगे धागो से
एक रिश्ते की डोर बंधी  ।
भेंटों से सजी
वचनो में गठी
राखी की यह रीत चली ।







Monday, July 21, 2014

लहरें

नदी की लहरों ने किनारे को छूं कर कहा
इस ओर आना इतना सुहावना भी नहीं है
और उस ओर रहना इतना मुश्किल भी नहीं था
फिर भी बहना है मुझे कुछ इस तरह की
छूने है मुझे सभी किनारे

नदी की  लहरों  ने किनारे को छूं कर कहा
हमेशा किनारे पर पहुचने पर वो मज़ा नहीं है
कभी कभी बीच में ही खो जाना भी सजा नहीं है
उस छोर से इस छोर के सफर में
सिमटी है मुझमे कितनी ही कहानियाँ

नदी की लहरों  ने किनारे को छूं कर कहा
मेरे इस उफान में
एक अनचाहा बहाव है
वरना यूँ विचलित रहना
मेरा स्वभाव नहीं हैं






Friday, May 16, 2014

इस बार की सरकार

जो अब तक था केवल संवाद में
कल हो जाएगा यथार्थ में
बदलाव की आवश्यकता से
अभिज्ञता का विजयोल्लास है
ये प्रतीक्षित परिणाम
उन्नति का उत्तरदायित्व हो
स्पर्धा न हो किसी से अब
मित्रता हो प्रगति से अब
स्पष्टता  और निष्ठां
से नए भविष्य का निर्माण हो

और इस निर्णय से किसी की न हार हो ।



Wednesday, May 14, 2014

छोटे छोटे रास्तो की मंजिल कहीँ दूर है
दबी हुई आहटो मे भी कोई  शोर है 
शाम ऐसे चल रही जैसे भोर यहीं पास है 
पुरानी कहानी मे जैसे जुड़ रही नई डोर है 
धुँधला रहे कुछ पन्ने मिट रहे कुछ किस्से 
बुन रहे कुछ सपने बन रहे कुछ अपने
कुछ सहमी कुछ सकुचि कुछ ठिठकी
कुछ हंसती कुछ खिलखिलाती
आशाओ का यह  दौर है 

आरम्भ था कही और अन्त कहीँ और है ।